महिलाओं को 10,000 रुपये और युवाओं को रोजगार! लेकिन क्या ये सब सिर्फ वोट बटोरने का तरीका है?”

बिहार चुनाव 2025: नीतीश कुमार की घोषणाएं सिर्फ नीति नहीं, महिला, युवा और गरीब वोटर्स को साधने की रणनीति!
बिहार में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सियासी सरगर्मियां भी तेज होती जा रही हैं। इस बार चुनावी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी घोषणाओं और योजनाओं के दम पर एक नई रणनीति के साथ उतरते दिखाई दे रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल विकास या कल्याण नहीं, बल्कि राज्य के महिला, युवा और गरीब मतदाताओं को साधना भी है।
महिलाओं के लिए खास योजना – महिला स्वरोजगार योजना
मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में घोषित ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को एक बड़ा चुनावी दांव माना जा रहा है। इस योजना के तहत राज्य सरकार हर परिवार की एक महिला को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ₹10,000 की आर्थिक सहायता देगी। यह रकम बिना किसी ब्याज के दी जाएगी, जिससे महिलाएं छोटी दुकानों, हस्तशिल्प या अन्य स्वरोजगार की शुरुआत कर सकें।
इसके बाद, छह महीने बाद अगर उस महिला का कारोबार सही तरीके से चलता पाया गया तो 2 लाख रुपये तक का अतिरिक्त लोन भी दिया जाएगा, ताकि वह अपना व्यवसाय और बड़ा कर सके। यही नहीं, सरकार द्वारा स्थानीय स्तर पर हाट-बाजारों की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे महिलाएं अपने उत्पाद बेच सकें।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो यह योजना ना सिर्फ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करेगी, बल्कि नीतीश सरकार की महिला मतदाताओं तक सीधी पहुंच भी बनाएगी। यह वर्ग बिहार में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
युवाओं और गरीबों को भी साधने की कोशिश
महिलाओं के अलावा, मुख्यमंत्री ने बीते कुछ महीनों में युवाओं और गरीब तबके के लिए भी कई घोषणाएं की हैं। इसमें युवाओं के लिए नए स्किल डेवलपमेंट सेंटर्स, डिजिटल शिक्षा सामग्री और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं प्रमुख हैं। वहीं गरीबों को सब्सिडी पर राशन, स्वास्थ्य बीमा और आवास योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
जानकार मानते हैं कि नीतीश कुमार ने अपने घोषणाओं के जरिए तीन सबसे बड़े वोट बैंक – महिला, युवा और गरीब को टारगेट किया है। चुनावी नजरिए से यह बहुत सोच-समझकर बनाई गई रणनीति नजर आती है।
घोषणाएं बनाम जमीनी हकीकत
हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या ये योजनाएं केवल चुनावी घोषणा बनकर रह जाएंगी या इनका वास्तविक क्रियान्वयन भी होगा? विपक्ष इन्हें “चुनावी लॉलीपॉप” बता रहा है, लेकिन सरकार का कहना है कि ये सभी योजनाएं बजट में शामिल हैं और इन पर काम शुरू हो चुका है।